लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती की अध्यक्षता में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर बड़ी बैठक शुरू हो गई है। बैठक में उत्तर प्रदेश स्टेट यूनिट के सभी स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ प्रदेश के सभी 75 जिलाध्यक्ष शामिल हुए हैं।
बैठक का मुख्य फोकस 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर है। मायावती पार्टी संगठन की जमीनी स्थिति, आर्थिक मजबूती और सर्वसमाज में बीएसपी के जनाधार को बढ़ाने की रणनीति की समीक्षा करेंगी।
बैठक में पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों पर हुई प्रगति की रिपोर्ट भी ली जाएगी। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
मायावती पार्टी नेताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को तेज करने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश देंगी।
बैठक में बीएसपी विधायक रहे स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के पुत्र भी मौजूद हैं। पिता के निधन के बाद उनके पुत्र राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।