हिंदी सिनेमा के दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल की पत्नी सुनीला शर्मा का 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 12 जुलाई को अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी परिवार की ओर से साझा किए गए एक भावुक संदेश के माध्यम से सामने आई।
परिवार ने अपने संदेश में बताया कि सुनीला शर्मा ने सादगी, समर्पण और प्रेम से भरा जीवन जिया। उन्हें परिवार की मजबूत आधारशिला बताया गया और कहा गया कि उनका स्नेह और सहयोग हमेशा याद रखा जाएगा। परिवार ने इस कठिन समय में सभी शुभचिंतकों की संवेदनाओं और प्रार्थनाओं के लिए आभार भी व्यक्त किया।
सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार 13 जुलाई को मुंबई के सांताक्रूज में किया गया। अंतिम विदाई के दौरान परिवार के सदस्य, करीबी मित्र और फिल्म जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर भी कई कलाकारों और प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्यारेलाल भारतीय फिल्म संगीत के सबसे प्रतिष्ठित संगीतकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने दिवंगत संगीतकार लक्ष्मीकांत के साथ मिलकर लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल की मशहूर जोड़ी बनाई, जिसने हिंदी सिनेमा को अनेक यादगार गीत दिए। इस जोड़ी ने बॉबी, अमर अकबर एंथनी, कर्ज, सत्यम शिवम सुंदरम, हीरो, मिस्टर इंडिया और राम लखन जैसी कई सुपरहिट फिल्मों का संगीत तैयार किया।
सुनीला शर्मा के निधन से परिवार के साथ-साथ संगीत जगत में भी शोक की लहर है.