वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज की शानदार जीत के बाद बड़ा बदलाव देखने को मिला है। न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराया जबकि वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को पारी और 217 रन से मात दी।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीत के बाद न्यूजीलैंड के छह मैचों में 52 अंक हो गए हैं और उसका प्वाइंट्स प्रतिशत बढ़कर 72.22 पहुंच गया है। टीम तीसरे स्थान पर कायम है और दूसरे स्थान पर मौजूद दक्षिण अफ्रीका के करीब पहुंच गई है।
ऑस्ट्रेलिया आठ मैचों में सात जीत और 84 अंकों के साथ 87.50 प्रतिशत प्वाइंट्स के दम पर शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।
भारतीय टीम नौ मैचों में चार जीत के साथ 52 अंकों पर पांचवें स्थान पर मौजूद है जबकि इंग्लैंड 13 मैचों में आठ हार के बाद 24.36 प्रतिशत प्वाइंट्स के साथ सातवें स्थान पर खिसक गया है।
वेस्टइंडीज के हाथों करारी हार के बाद श्रीलंका को भी बड़ा नुकसान हुआ है और टीम तीसरे स्थान से फिसलकर छठे स्थान पर पहुंच गई है।