Latest News Lifestyle
सुवेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या: 40 लाख की डील और बिहार कनेक्शन आया सामने

Suvendu Adhikari के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर अब कई बड़े खुलासे सामने आए हैं, जिससे पूरे पश्चिम बंगाल में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चंद्रनाथ रथ की हत्या पूरी तरह से सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी और इसके लिए पेशेवर अपराधियों की मदद ली गई थी।

जानकारी के मुताबिक, हत्या को अंजाम देने के लिए बिहार से दो ‘शार्प शूटर्स’ बुलाए गए थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन हमलावरों को विशेष रूप से सुपारी देकर पश्चिम बंगाल लाया गया था। पुलिस को शक है कि इस पूरे ऑपरेशन के लिए करीब 30 से 40 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि स्थानीय स्तर पर कुछ अपराधियों ने इन शूटरों की मदद की। उनके ठहरने, आने-जाने और हथियारों की व्यवस्था में स्थानीय नेटवर्क की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, एक स्थानीय अपराधी ने शार्प शूटर्स के लिए गाड़ियों की व्यवस्था की थी ताकि वे बिना किसी शक के इलाके में घूम सकें और वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से निकल सकें। पुलिस अब उन सभी लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने इस साजिश में किसी भी प्रकार से सहयोग किया हो।

जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। यह भी आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद आरोपी कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से फ्लाइट के जरिए फरार हो गए। पुलिस एयरपोर्ट के रिकॉर्ड और संदिग्ध यात्रियों की जानकारी खंगाल रही है।

इस बीच, सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और उन्हें भरोसा है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून के शिकंजे में होंगे। इस हत्याकांड ने राज्य की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।