Latest News Lifestyle
स्कॉर्पियो की टक्कर से मजदूर की मौत, समस्तीपुर में NH-122B जाम

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई। घटना विद्यापति नगर थाना क्षेत्र की बढ़ौना पंचायत से गुजरने वाले एनएच-122बी की है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान टुनटुन सदा (42) निवासी बढ़ौना गांव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद हाईवे किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान मोहिउद्दीननगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टुनटुन सदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और शव रखकर NH-122B जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, हाईवे पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की।

जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही विद्यापति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।