Latest News Lifestyle
रोहतक में कांग्रेस MLA के दफ्तर पर फायरिंग, थाने के सामने बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब महम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने कार्यालय को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के दौरान गोलियां कार्यालय के शीशों को चीरते हुए निकल गईं, जिससे मौके पर कांच के टुकड़े बिखर गए। घटना के समय कार्यालय में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि विधायक का कार्यालय महम पुलिस स्टेशन के ठीक सामने स्थित है। पुलिस थाने के सामने हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि बदमाशों ने करीब चार से पांच राउंड फायरिंग की।

फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।