Latest News Lifestyle
कुलगाम में डबल एक्शन, जमात ठिकानों पर छापे

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में पुलिस ने सोमवार को दोहरे अभियान के तहत प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी से जुड़े सदस्यों और समर्थकों के ठिकानों पर छापेमारी की। इसके साथ ही जिले में सक्रिय नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ नार्को-कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन भी शुरू किया गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सार्वजनिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए खतरा पैदा करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। अभियान के दौरान यारीपोरा, बेहिबाग और फ्रिसल थाना क्षेत्रों में कई स्थानों पर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा साहित्य भी बरामद होने की जानकारी मिली है। अधिकारियों के मुताबिक अभियान में लगभग दो दर्जन संदिग्ध सदस्यों और समर्थकों के ठिकानों की जांच की गई।

पुलिस ने बताया कि अलगाववादी गतिविधियों से जुड़े तत्वों के साथ-साथ नार्को-टेरर नेटवर्क से संभावित संबंध रखने वाले कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की भी पहचान की गई है। इन लोगों के खिलाफ जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।