नई दिल्ली। देश इस वर्ष 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पहली बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय गीत का विशेष गायन किया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले के प्रांगण में पहुंचने के अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ का गायन होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। समारोह में ‘वंदे मातरम्’ के बाद राष्ट्रगान भी प्रस्तुत किया जाएगा।
इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण बनाया गया है। आजादी के आंदोलन के दौरान इस गीत ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
समारोह में ‘युवा शक्ति’ को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। लाल किले के सामने एनसीसी के करीब 2,500 कैडेट और ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवक ‘वंदे मातरम्’ की आकृति बनाएंगे। वहीं भारतीय वायुसेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बैनर लेकर उड़ान भरेगा और पुष्पवर्षा करेगा।
देशभर में भी 8 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ को समर्पित सैन्य बैंड प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। 343 प्रमुख स्थानों पर सेना, नौसेना, वायुसेना, एनसीसी और विभिन्न केंद्रीय बलों के बैंड अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं।