Latest News Lifestyle
बैरिकेडिंग के ऊपर कंटीले तार छात्र न पहुंच पाएं विधानसभा, झारखंड पुलिस ने की ऐसी तैयारी

 

रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थियों के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने सोमवार को झारखंड विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है। इसे देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

प्रदर्शनकारियों को विधानसभा तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर भारी संख्या में जवानों की तैनाती की है। इसके साथ ही जगह-जगह मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। कई बैरिकेड्स के ऊपर कंटीले तार लगाए गए हैं, ताकि प्रदर्शनकारी उन्हें पार कर विधानसभा की ओर आगे न बढ़ सकें।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

प्रशासन ने विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस बल के साथ बैरिकेडिंग की कई परतें तैयार की गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

छात्र संगठनों की ओर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी में है।

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की क्या मांगें हैं?

जेएसएससी और जेपीएससी परीक्षाओं से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। परीक्षा प्रक्रिया, कथित अनियमितताओं और लंबित मांगों को लेकर छात्रों में नाराजगी है। इसी क्रम में सोमवार को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम घोषित किया गया है।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति न बने, इसके लिए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। अब सभी की नजर सोमवार को होने वाले प्रदर्शन पर है कि अभ्यर्थियों का आंदोलन किस रूप में आगे बढ़ता है और प्रशासन इससे किस तरह निपटता है।