प्रयागराज: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने पेपर लीक, युवाओं के भविष्य और देश की युवा शक्ति को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने युवाओं की ओर से दिखाई जा रही हिम्मत की तारीफ करते हुए कहा कि आज के नौजवान ने जिस तरह अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई है, वह काबिले तारीफ है।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत युवाओं के दर्द, डेटा और दौलत के मुद्दे से की। उन्होंने कहा, “आज शाम मैं आपसे दर्द, डेटा और दौलत की बात करना चाहता हूं। आपका दर्द, आपका डेटा, मगर आपका धन नहीं, जो आपका होना चाहिए।”
उन्होंने युवाओं को देश की ताकत बताते हुए कहा कि भारत का भविष्य युवाओं की क्षमता और मेहनत पर निर्भर है। राहुल गांधी ने कहा कि देश का हर नागरिक और हर युवा भारत की शक्ति और शान है। उनके मुताबिक, युवाओं के भीतर बुद्धिमत्ता, कल्पना और क्षमता मौजूद है और इन्हीं क्षमताओं के बल पर देश आगे बढ़ सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि जब वह भारत की शक्ति और स्ट्रेंथ की बात करते हैं तो उनका मतलब केवल किसी एक वर्ग या समूह से नहीं, बल्कि हर हिंदुस्तानी नागरिक और हर युवा से है। उन्होंने कहा कि युवाओं में मौजूद इंटेलिजेंस, इमेजिनेशन और कैपेसिटी देश के भविष्य की नींव है।
कार्यक्रम के दौरान पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भी राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने युवाओं की समस्याओं और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों को गंभीर बताते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की।
राहुल गांधी का यह संबोधन ऐसे समय में हुआ है, जब युवाओं के बीच रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दे लगातार राजनीतिक बहस का हिस्सा बने हुए हैं।