Latest News Lifestyle
अतीक के बेटे अबान का आज होगा अंतिम संस्कार

सड़क हादसे में मारे गए माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद और उसके साथी सोनू के शव शुक्रवार सुबह प्रयागराज के हटवा गांव लाए गए।

दोनों के शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, अबान की मां शाइस्ता परवीन उमेश पाल हत्याकांड में वांछित हैं और लंबे समय से फरार चल रही हैं।

इसी वजह से पुलिस और एसटीएफ उनकी संभावित मौजूदगी पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां अंतिम संस्कार के दौरान भी विशेष सतर्कता बरत रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, जुमे की नमाज के बाद अबान अहमद को कसारी मसारी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद और चाचा अशरफ की कब्र के पास दफनाया जाएगा।

वहीं उसके साथी सोनू को हटवा गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

बताया गया कि गुरुवार को अबान अहमद झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था।

इसी दौरान कानपुर-झांसी राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे में अबान और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।