Latest News Lifestyle
जलशक्ति मंत्री की सख्ती, धीमी प्रगति पर 6 अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान कई परियोजनाओं में अपेक्षित गति नहीं मिलने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

बैठक में सामने आया कि विभाग द्वारा आवंटित बजट का लगभग 90 प्रतिशत खर्च किया जा चुका है, लेकिन संबंधित अभियंता खर्च का स्पष्ट और संतोषजनक विवरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए 6 अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी लंबित परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी धन का उपयोग पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ होना चाहिए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके।