नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने छात्र आंदोलनों को लेकर केंद्र और संबंधित राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिहार में छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर AK-47 के इस्तेमाल और बिहार तथा पश्चिम बंगाल में प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज की जा रही FIR को लेकर सरकार से सवाल किए।
संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा, “AK-47, पेलेट गन… क्या ये आतंकी हैं?” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और पूछा कि आखिर छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल में छात्रों पर FIR दर्ज किए जाने की खबरों पर भी चिंता जताई।
यह बयान ऐसे समय आया है जब परीक्षा संबंधी विवादों और छात्र आंदोलनों को लेकर देशभर में राजनीतिक माहौल गर्म है। बिहार के सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 से हवा में फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस घटना के बाद संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
प्रियंका गांधी ने सरकार से सवाल किया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों के खिलाफ कठोर कार्रवाई क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर संवाद की जगह बल प्रयोग और मुकदमों का सहारा लिया जाएगा, तो इससे युवाओं में असंतोष और बढ़ेगा।
वहीं, इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। विपक्ष सरकार पर छात्र आंदोलनों को दबाने का आरोप लगा रहा है, जबकि भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा है कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।