नई दिल्ली: CJP के विरोध-प्रदर्शन के बीच NEET पेपर लीक मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि बर्खास्त किए गए अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक (क्रिमिनल) मामले भी दर्ज किए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश जारी होने के लगभग 20 घंटे के भीतर की गई। प्रधानमंत्री ने गुरुवार देर रात करीब 12 बजे ढाई मिनट का वीडियो संदेश जारी कर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता, छात्रों के हितों की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था।
इसके बाद NTA की ओर से की गई यह कार्रवाई सरकार के परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पेपर लीक प्रकरण में जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
NEET पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में छात्रों और विभिन्न संगठनों की ओर से लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ऐसे में NTA की यह कार्रवाई मामले में अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई मानी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच के आधार पर अन्य अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।