Latest News Lifestyle
BRICS समिट को लेकर दिल्ली में सुरक्षा का अभेद किला, 15 हजार पुलिसकर्मी तैनात

 

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस अहम अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कई देशों के शीर्ष नेता और प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। इसे देखते हुए दिल्ली में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

सम्मेलन के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए करीब 15 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए 200 पैरामिलिट्री कंपनियों को भी तैनात किया गया है।

सुरक्षा एजेंसियां सम्मेलन स्थल, प्रमुख मार्गों, होटल और आसपास के इलाकों पर विशेष निगरानी रखेंगी। वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि सम्मेलन के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। राजधानी में आने-जाने वाले लोगों को भी सुरक्षा जांच और ट्रैफिक डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है।