Latest News Lifestyle
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत आएंगे

 

नई दिल्ली: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आएंगे। भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और 12-13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

शी जिनपिंग की भारत यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह सात साल बाद उनकी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वह अक्टूबर 2019 में भारत आए थे, जब चेन्नई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अनौपचारिक शिखर वार्ता हुई थी।

BRICS सम्मेलन में क्या होगा?

दो दिवसीय सम्मेलन में BRICS सदस्य देशों के नेता वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों के साथ-साथ आर्थिक, वित्तीय, तकनीकी और बहुपक्षीय सहयोग पर चर्चा करेंगे। भारत की 2026 की अध्यक्षता का थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखा गया है।

12 सितंबर को BRICS देशों के नेताओं का आगमन और बंद कमरे में बहुपक्षीय व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसके बाद भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी, फैमिली फोटो, संयुक्त वृक्षारोपण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित रात्रिभोज का कार्यक्रम है। 13 सितंबर को साझेदार देशों और आमंत्रित देशों के नेताओं के साथ खुले सत्र में चर्चा होगी।

शी जिनपिंग की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय मुलाकात भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच सीमा, व्यापार और आर्थिक संबंधों से जुड़े मुद्दे बातचीत में आ सकते हैं।