Latest News Lifestyle
वाराणसी में सियासी पोस्टर से गरमाई राजनीति, विपक्ष पर मेढक वाला तंज

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को वाराणसी दौरे से पहले काशी में सियासी हलचल तेज हो गई है। शहर के कई प्रमुख चौराहों पर भाजपा नेता दीपक सिंह राजवीर की ओर से लगाए गए पोस्टर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

पोस्टर में विपक्षी दलों को मेढक के रूप में दिखाते हुए तराजू पर तौला जाता हुआ दर्शाया गया है। इसके जरिए विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए भाजपा की चुनावी ताकत को रेखांकित करने की कोशिश की गई है। पोस्टर में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने का संदेश दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी पहुंच रहे हैं। उनके दौरे के दौरान रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ होना है। इसके अलावा पिंडरा क्षेत्र में 10 हजार महिलाओं के सम्मान का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

सीएम के दौरे से पहले लगाए गए इस पोस्टर ने वाराणसी के राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। चुनावी माहौल की आहट के बीच भाजपा की ओर से लगाए गए इस तरह के पोस्टरों को सियासी संदेश और विपक्ष पर सीधा हमला माना जा रहा है।