नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक पुरानी इमारत गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्थानीय पूछताछ में पता चला है कि इमारत करीब 40-50 साल पुरानी थी। इसमें बेसमेंट के अलावा पांच ऊपरी मंजिलें थीं और इमारत का इस्तेमाल PG के रूप में किया जा रहा था। हादसे के वक्त बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि अब तक 6 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन और बचाव एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और खोज एवं बचाव अभियान जारी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।