Latest News Lifestyle
UPTET 2026 Result: 13.3 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल, प्राथमिक में 80.07% पास

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम 26 अगस्त को जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट UPESSC पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। 

UPTET 2026 में कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को तीन दिनों में पांच पालियों में आयोजित की गई थी। प्रदेश के 60 जनपदों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई गई। 

प्राथमिक स्तर पर 80.07% अभ्यर्थी सफल

कक्षा 1 से 5 तक के प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। इस तरह प्राथमिक स्तर पर सफलता प्रतिशत 80.07% रहा। 

उच्च प्राथमिक में 71.85% ने हासिल की सफलता

कक्षा 6 से 8 तक के उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 7,59,513 अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। उच्च प्राथमिक स्तर पर सफलता प्रतिशत 71.85% रहा। दोनों स्तरों को मिलाकर 13.3 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए हैं। 

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि करीब 20 लाख अभ्यर्थियों वाली इस परीक्षा का आयोजन निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ किया गया। परिणाम तैयार करते समय परीक्षा अधिसूचना में निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन/नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया का पालन किया गया। 

ऐसे चेक करें रिजल्ट

अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर UPTET 2026 रिजल्ट लिंक खोलें। इसके बाद मांगी गई लॉगिन जानकारी दर्ज कर अपना स्कोरकार्ड और क्वालिफाइंग स्टेटस देख सकते हैं।