Latest News Lifestyle
पहाड़ों से उठा धुएं का गुबार और फिर महाप्रलय से पुल-शहर तबाह, नेपाल में बाढ़ के 4 खौफनाक VIDEO

 

नेपाल में बुधवार, 26 अगस्त को तिब्बत की ओर से आई अचानक और बेहद तेज बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से टिमुरे, स्याफ्रुबेंसी समेत कई इलाकों में सड़कें, पुल, मकान, वाहन और बुनियादी ढांचा बह गया। सामने आए वीडियो इस प्राकृतिक आपदा की भयावह तस्वीर दिखा रहे हैं। 

1. देखते ही देखते बह गया पुल

एक वीडियो में तेज रफ्तार से आता मटमैला पानी पुल और आसपास के मकानों को अपनी चपेट में लेता दिखाई दे रहा है। कुछ ही सेकंड में पानी का बहाव इतना बढ़ जाता है कि पुल टूटकर सैलाब में समा जाता है। NDTV के मुताबिक, यह पुल करीब 30 सेकंड में बह गया। 

2. सड़क और गाड़ियां बनीं सैलाब का शिकार

बाढ़ के पानी का बहाव इतना शक्तिशाली था कि सड़क पर खड़े वाहन और अन्य सामान भी इसकी चपेट में आ गए। टिमुरे और स्याफ्रुबेंसी इलाके में कई जगहों पर संपत्ति और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। 

3. पहाड़ों से उठा धुएं जैसा गुबार

सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ दृश्यों में पहाड़ी इलाके से धूल और मलबे का बड़ा गुबार उठता दिखाई देता है। इसके बाद अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव नीचे की ओर आता नजर आता है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच जाती है। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ स्थानीय बारिश के कारण नहीं बल्कि तिब्बत की तरफ से आए पानी के कारण आई थी। इसके पीछे भारी बारिश, भूस्खलन या किसी अन्य upstream घटना की आशंका जताई जा रही है, लेकिन सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। 

4. शहर में घुसा सैलाब, चारों तरफ तबाही

एक अन्य वीडियो में तेज पानी बस्तियों और बाजार क्षेत्रों में घुसता नजर आ रहा है। पुल, सड़कें और इमारतें पानी के तेज बहाव के सामने टिक नहीं पाईं। काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, बेट्रावती से रसुवागढ़ी बॉर्डर तक करीब 42 किलोमीटर सड़क बाढ़ में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है और कई कंक्रीट पुल भी बह गए हैं। 

बाढ़ का असर रसुवा से आगे नुवाकोट और धादिंग समेत निचले इलाकों तक पहुंचा है। अधिकारियों ने भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

नोट: वीडियो सोशल मीडिया/स्थानीय स्रोतों से सामने आए हैं। शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों और लापता लोगों की संख्या अलग-अलग बताई गई है, इसलिए आंकड़े लगातार अपडेट हो रहे हैं।