Latest News Lifestyle
ऑनलाइन बिक रहा था जहरीला धतूरा, Amazon-Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस सस्पेंड

 

बेंगलुरु: कर्नाटक सरकार ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर जहरीले धतूरे (Datura) के फल और बीजों की बिक्री के मामले में बड़ा एक्शन लिया है। कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन को अगले आदेश तक निलंबित करने का निर्देश दिया है। 

दरअसल, विभाग की जांच में सामने आया कि इन ई-कॉमर्स और क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे के फल और बीजों को मानव उपभोग के लिए खाद्य उत्पाद के तौर पर लिस्ट किया गया था। कुछ पैकेटों पर FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज पाए गए। अधिकारियों के मुताबिक धतूरा जहरीला होता है और इसके फल व बीजों का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। 

सभी ऑनलाइन लिस्टिंग हटाने के आदेश

कर्नाटक खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीनों प्लेटफॉर्म्स को धतूरे से जुड़ी उन सभी ऑनलाइन लिस्टिंग, विज्ञापनों और प्रमोशनल कंटेंट को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है, जिनमें इसे खाने या मानव उपभोग के लिए पेश किया गया था। साथ ही धतूरे की बिक्री, वितरण और खाद्य पदार्थ के रूप में प्रदर्शन पर रोक लगाने को कहा गया है। 

सप्लायर्स पर भी कार्रवाई

सरकार ने सिर्फ ई-कॉमर्स कंपनियों पर ही कार्रवाई नहीं की है, बल्कि इन प्लेटफॉर्म्स को धतूरा उपलब्ध कराने वाले विक्रेताओं और सप्लायर्स के लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन भी निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। कंपनियों से यह भी कहा गया है कि वे की गई कार्रवाई की अनुपालन रिपोर्ट खाद्य सुरक्षा आयुक्त के समक्ष पेश करें। 

रिपोर्ट के मुताबिक, BigBasket ने धतूरे की ऑनलाइन बिक्री रोकने की बात कही, जबकि Amazon ने जांच के दौरान जवाब दाखिल नहीं किया था और Swiggy Instamart ने कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। 

कर्नाटक सरकार का यह कदम ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बिकने वाले खाद्य उत्पादों की सुरक्षा और उनकी निगरानी को लेकर एक सख्त संदेश माना जा रहा है।