Latest News Lifestyle
60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा, यूपी सरकार का बड़ा फैसला

 

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं के लिए एक और बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस फैसले से प्रदेश की लाखों बुजुर्ग महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा।

हर महीने करीब 22.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे

सरकार के अनुमान के मुताबिक इस योजना के तहत प्रतिदिन करीब 88 हजार महिलाएं मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठा सकती हैं। इस सुविधा पर सरकार को हर महीने लगभग 22.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। योजना के लिए परिवहन निगम को सरकार की ओर से प्रतिकर राशि दी जाएगी।

इन बसों में मिलेगी सुविधा

60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सभी बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। उम्र की पुष्टि के लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी जैसे दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इस योजना से एक करोड़ से अधिक महिलाओं को फायदा पहुंच सकता है।

बुजुर्ग महिलाओं को बड़ी राहत

सरकार के इस फैसले से बुजुर्ग महिलाओं को अपने परिवार से मिलने, धार्मिक स्थलों की यात्रा करने और जरूरी सामाजिक या अन्य कामों के लिए आने-जाने में आर्थिक राहत मिलेगी। रक्षाबंधन से ठीक पहले लिया गया यह फैसला महिलाओं के लिए सरकार की बड़ी सौगात माना जा रहा है।