Latest News Lifestyle
उत्तर प्रदेश में चुनावी शंखनाद: अखिलेश यादव निकालेंगे सितंबर से समाजवादी की पीडीए रथ यात्रा!

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है। सूत्रों के हवाले से मिली बड़ी खबर के मुताबिक, सपा प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव सितंबर 2026 के पहले हफ्ते से पूरे उत्तर प्रदेश में एक मेगा रथ यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं।

इस अभियान को ‘समाजवादी पीडीए रथ यात्रा’ का नाम दिया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य के पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग को एकजुट करना है।

धार्मिक स्थल से होगी शुरुआत
सूत्रों की मानें तो इस बार अखिलेश यादव अपनी रथ यात्रा का आगाज अयोध्याकाशी या मथुरा जैसे किसी प्रमुख धार्मिक स्थल से कर सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसके जरिए समाजवादी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हिंदुत्व के नैरेटिव का मुकाबला संतुलित ढंग से करने की रणनीति बना रही है।  सभी 403 सीटों को कवर करने का लक्ष्य


पार्टी का लक्ष्य चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले सूबे की सभी 403 विधानसभा सीटों तक पहुंचना है। इस यात्रा का मुख्य नारा 'संविधान बचाओ, पीडीए बचाओ' तय किया गया है।

 यात्रा के दौरान अखिलेश यादव सीधे जनता और जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे तथा सार्वजनिक जनसभाओं के माध्यम से वर्तमान उत्तर प्रदेश सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखेंगे। लोकसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद, सपा इस यात्रा के जरिए 2027 के लिए अपनी राजनीतिक जमीन को सबसे मजबूत आकार देना चाहती है।