गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि 32 वर्षीय बेटे निखिल ने अपने पिता हरिओम चौधरी (52) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार देर रात की है।
बताया जा रहा है कि निखिल शराब के नशे में घर पहुंचा था। पिता ने उसे शराब पीकर आने पर डांटा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि निखिल ने अवैध पिस्टल निकालकर पहले गाली-गलौज की और फिर पिता पर कई गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल हरिओम चौधरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय घर में मौजूद पत्नी अनीता और छोटे बेटे नीशू ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन वारदात को नहीं रोक सके। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिओम चौधरी के पास करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। उन्होंने पहले ही बड़े बेटे को 25 बीघा जमीन और मार्केट में दुकानें दे रखी थीं, लेकिन आरोपी बाकी संपत्ति भी अपने नाम कराना चाहता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी अपने छोटे भाई पर गोली चलाने के मामले में विवादों में रह चुका है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
al genreted image