Latest News Lifestyle
होर्मुज पर ईरानी हमला, भारतीय की मौत


पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के हालिया मिसाइल हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई, जबकि छह भारतीयों समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं। यूएई रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ओमान के समुद्री क्षेत्र के पास होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे दो तेल टैंकर—मोंबासा और अल बहिया—को ईरान ने दो क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया। हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई, हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया।

इस हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई शुरू की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, करीब पांच घंटे तक चले अभियान में बुशहर, चाबहार, जास्क, कोनार्क, अबू मूसा और बंदर अब्बास सहित कई सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए गए। इन हमलों में मिसाइल लॉन्च साइट, ड्रोन बेस, तटीय रक्षा प्रणाली और नौसैनिक ठिकानों को निशाना बनाया गया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और वहां से गुजरने वाले कार्गो जहाजों पर 20 प्रतिशत सुरक्षा शुल्क लिया जाएगा। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिकी कार्रवाई से ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है और उसकी हथियार उत्पादन क्षमता का बड़ा हिस्सा नष्ट हो चुका है।

वहीं ईरान ने अमेरिकी दावों को खारिज करते हुए कहा कि वह होर्मुज स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण नहीं छोड़ेगा। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिकी MQ-1 ड्रोन मार गिराने और बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइल एवं ड्रोन हमले का भी दावा किया है। हालांकि अमेरिका ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तनाव बढ़ने का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखाई देने लगा है। शिप ट्रैकिंग कंपनियों के अनुसार होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की संख्या दो महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत में तीन प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और तेल बाजार पर दबाव बढ़ने की आशंका है।