अयोध्या: अयोध्या स्थित राम मंदिर के संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, चयनित उम्मीदवार की नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि के लिए की जाएगी। सीईओ मंदिर के प्रशासन, प्रबंधन, संचालन और विभिन्न विकास कार्यों के समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि चयनित उम्मीदवार का वेतन और अन्य सेवा शर्तें आपसी सहमति एवं बातचीत के आधार पर निर्धारित की जाएंगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
मंदिर प्रबंधन का मानना है कि इस नियुक्ति से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, अनुभव और अन्य शर्तों का विस्तृत विवरण जारी अधिसूचना में उपलब्ध कराया गया है।