Latest News Lifestyle
शेख हसीना की वापसी का ऐलान: गिरफ्तारी या मौत का खतरा स्वीकार कर दिसंबर में लौटेंगी बांग्लादेश

 


ढाका/नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की प्रमुख शेख हसीना ने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा है कि वह इसी वर्ष दिसंबर के आसपास अपने देश लौटने की योजना बना रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके साथ अवामी लीग के कई निर्वासित वरिष्ठ नेता भी स्वेच्छा से बांग्लादेश वापस जाएंगे और अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे। 

शेख हसीना ने कहा कि उन्हें पूरी तरह एहसास है कि स्वदेश लौटते ही उनकी गिरफ्तारी हो सकती है, यहां तक कि उनकी हत्या भी की जा सकती है। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि वह हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं और अपने देश की धरती पर न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना चाहती हैं। 

उन्होंने कहा कि अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगातार दमन किया जा रहा है और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। उनके अनुसार, ऐसे समय में देश लौटना उनका राजनीतिक और नैतिक दायित्व है। 

शेख हसीना ने यह भी कहा कि यदि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होती है तो वह अदालत में आत्मसमर्पण करेंगी और न्यायिक प्रक्रिया का पालन करेंगी। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ चल रहे मामले राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा हैं और जनता ही उनके शासन का अंतिम फैसला करेगी। 
 

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में बड़े पैमाने पर हुए छात्र आंदोलन और राजनीतिक उथल-पुथल के बाद शेख हसीना को सत्ता छोड़कर भारत आना पड़ा था। इसके बाद बांग्लादेश में उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए और वह तब से निर्वासन में रह रही हैं। दिसंबर में उनकी प्रस्तावित वापसी को बांग्लादेश की राजनीति के लिए एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।