Latest News Lifestyle
बदरीनाथ धाम चढ़ावा मामले की होगी उच्चस्तरीय जांच, सरकार ने बनाई तीन सदस्यीय समिति


देहरादून: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड सरकार ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच शुरू कर दी है। शासन ने इस संबंध में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।
सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल के निर्देश पर गठित समिति की अध्यक्षता गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप करेंगे। समिति में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी तथा स्वास्थ्य महानिदेशालय के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है।

सरकार ने समिति को जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों, विशेषज्ञों और अन्य व्यक्तियों से परामर्श एवं सहयोग लेने की अनुमति दी है। साथ ही, समिति को जांच के आधार पर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी देने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार का कहना है कि जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जाएगी तथा रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।