Latest News Lifestyle
पुणे में निर्माणाधीन इमारत गिरी, कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका

पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कई मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे और 15 से 20 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

हादसे के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। मलबा हटाने और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई एम्बुलेंस भी तैनात की गई हैं।

यह परियोजना पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम द्वारा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जा रही है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और हताहतों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।