Latest News Lifestyle
कांवड़ यात्रा को लेकर थाना परिसर में बैठक, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर दिए गए आवश्यक निर्देश!

 

कानपुर: आगामी कांवड़ यात्रा एवं श्रावण मास के सोमवार को होने वाली पूजा-अर्चना को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने की। इसमें तेज ध्वनि यंत्र संचालकों, कांवड़ शिविर संचालकों, मंदिरों के पुजारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर प्रशासन के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी आयोजकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग और सड़क किनारे संचालित होने वाली सभी मीट की दुकानें कांवड़ यात्रा के दौरान बंद रहेंगी। साथ ही तेज ध्वनि यंत्रों के उपयोग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने बताया कि ध्वनि यंत्र की अधिकतम चौड़ाई 10 फीट और ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने शिविर संचालकों से श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने शिविरों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, प्राथमिक उपचार तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्युत सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन से समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी ने कांवड़ यात्रा और श्रावण मास के धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग और अफवाहों से बचने की अपील की।