Latest News Lifestyle
हरियाणा के MLA को फिर मिली धमकी, 5 करोड़ की रंगदारी मांगी; वॉट्सऐप पर आया मैसेज

हरियाणा के रोहतक जिले के महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार उन्हें एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप पर संदेश भेजकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।

धमकी भरे संदेश में लिखा गया, "अभी तो तुम्हारे कार्यालय के शीशों पर ही गोली चलाई है, अब पांच करोड़ रुपये तैयार कर लो, नहीं तो अगली गोली तुम पर चलेगी।" संदेश भेजने वाले ने खुद को सुमित उर्फ छोटू सामनिया बताया है।

यह धमकी ऐसे समय आई है जब पिछले शनिवार को महम स्थित विधायक कार्यालय पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने कार्यालय पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाई थीं, जिससे कार्यालय के शीशे टूट गए थे। घटना के समय विधायक कार्यालय महम पुलिस थाने के ठीक सामने होने के बावजूद वारदात को अंजाम दिया गया।

धमकी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विदेशी नंबर और संदेश भेजने वाले की पहचान का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।