नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश की विकास यात्रा और आत्मनिर्भरता की दिशा में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के कई प्रमुख क्षेत्रों में उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस अवधि में डिफेंस प्रोडक्शन करीब चार गुना बढ़ा है, जबकि खादी एवं ग्रामोद्योग का उत्पादन करीब पांच गुना हुआ है। उन्होंने कहा कि देश ने इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भी बड़ी छलांग लगाई है, जिसका उत्पादन करीब सात गुना बढ़ा है।
रेलवे के क्षेत्र में भी भारत की बढ़ती विनिर्माण क्षमता का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक रेलवे कोच का निर्माण 21 गुना बढ़ गया है। वहीं, देश में मोबाइल फोन का उत्पादन करीब 33 गुना बढ़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने केवल पारंपरिक उद्योगों में ही नहीं, बल्कि डिजिटल और इनोवेशन की दुनिया में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। तकनीक, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और नवाचार के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां देश की बदलती तस्वीर को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि ये आंकड़े भारत की बढ़ती उत्पादन क्षमता, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर मजबूत होती स्थिति को दर्शाते हैं। प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं, उद्यमियों, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
इन उपलब्धियों के जरिए सरकार का जोर ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने पर है। मोबाइल, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और रेलवे जैसे क्षेत्रों में बढ़ता घरेलू उत्पादन भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।