सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। नगर निगम ने एक मकान मालिक को 22 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक का हाउस टैक्स बिल जारी कर दिया। बताया जा रहा है कि संबंधित मकान की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है।
इतना भारी-भरकम टैक्स बिल देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। पीड़ित का आरोप है कि बिल देखने के बाद उनके हृदय रोगी पिता की तबीयत भी बिगड़ गई। परिवार ने इसे नगर निगम की बड़ी लापरवाही बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।
पीड़ित ने यह भी दावा किया कि उन्हें करीब 2 करोड़ रुपये का पानी का बिल भी थमा दिया गया है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “क्या पानी हेलीकॉप्टर से लाकर दिया था, जो इतना बड़ा बिल भेज दिया?”
मामला सामने आने के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित परिवार ने अधिकारियों से बिल में हुई कथित त्रुटि को जल्द से जल्द ठीक करने की मांग की है। वहीं, नगर निगम की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।
यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग टैक्स निर्धारण प्रक्रिया और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।