कौशांबी/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर से सटे मोहम्मदपुर गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए हैं। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई और करीब 50 मीटर के दायरे में आसपास के 5 से 7 मकानों को भी नुकसान पहुंचा।
दोपहर साढ़े 12 बजे हुआ धमाका
बताया जा रहा है कि हादसा सोमवार को करीब दोपहर 12:30 बजे हुआ। मोहम्मदपुर गांव प्रयागराज बॉर्डर पर स्थित है और यहां से मनौरी एयरफोर्स स्टेशन करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। विस्फोट के वक्त फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे।
अचानक हुए तेज धमाके से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। देखते ही देखते फैक्ट्री से धुएं का घना गुबार उठने लगा और पूरा इलाका धुएं से भर गया।
लगातार होते रहे धमाके
फैक्ट्री में रखे पटाखों में आग लगने के बाद लगातार छोटे-बड़े धमाके होते रहे। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई और आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण भी राहत-बचाव में जुट गए। झुलसे लोगों को ग्रामीण चारपाई पर रखकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाते नजर आए।
पुलिस और एयरफोर्स की टीमें रेस्क्यू में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश और घायलों को बाहर निकालने के लिए राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। एयरफोर्स की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हैं।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री के मालिक का नाम आदिल बताया जा रहा है।
आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान
विस्फोट का असर फैक्ट्री से करीब 50 मीटर के दायरे तक दिखाई दिया। आसपास स्थित कई मकानों की दीवारें और हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुए धमाके के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल मलबे में किसी और व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा करना और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।