Milk Price Hike: त्योहारी सीजन से पहले मुंबईकरों को महंगाई का एक और झटका लगने वाला है। मुंबई में 1 सितंबर 2026 से दूध की थोक कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने जा रही है। मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने दूध का थोक भाव 93 रुपये से बढ़ाकर 102 रुपये प्रति लीटर करने का फैसला किया है।
1 सितंबर से लागू होगा नया रेट
मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के मुताबिक, नई दरें 1 सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेंगी। यानी करीब छह महीने तक दूध का थोक भाव 102 रुपये प्रति लीटर रहेगा। यह फैसला जोगेश्वरी के दीवान सेंटर हॉल में हुई एसोसिएशन की बैठक में लिया गया।
क्यों बढ़ाए गए दूध के दाम?
एसोसिएशन ने दूध की कीमत बढ़ाने के पीछे बढ़ती उत्पादन लागत को प्रमुख वजह बताया है। डेयरी पशुओं की कीमतों के साथ-साथ उनके चारे, खली और अनाज की लागत में भी बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ पशु चारे की कीमतों में करीब 25 फीसदी तक की वृद्धि हुई है, जिससे दूध उत्पादकों पर खर्च का दबाव बढ़ा है।
93 रुपये से सीधे 102 रुपये प्रति लीटर
अब तक मुंबई में ताजा भैंस के दूध का थोक भाव 93 रुपये प्रति लीटर था। 1 सितंबर से इसमें 9 रुपये की बढ़ोतरी के बाद नया थोक भाव 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। हालांकि, यह थोक कीमत है और दुकानों पर ग्राहकों को मिलने वाला खुदरा भाव इससे अलग हो सकता है।
दूध के दाम बढ़ने का सीधा असर मुंबई और आसपास के इलाकों में दूध से जुड़े घरेलू बजट पर पड़ सकता है, खासकर त्योहारों के दौरान जब दूध और उससे बनने वाले उत्पादों की मांग बढ़ जाती है।