लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 10 रुपये प्रति लीटर की दर से गोमूत्र खरीदने के पायलट प्रोजेक्ट को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मंगलवार को बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता गोमूत्र की बोतलें, पोस्टर और बैनर लेकर लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन करने पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने बुलंदशहर में शुरू किए गए इस पायलट प्रोजेक्ट पर सवाल उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा कार्यकर्ताओं ने 10 रुपये प्रति लीटर गोमूत्र खरीद के मुद्दे को लेकर तंज कसते हुए अलग-अलग पोस्टर और तख्तियां भी प्रदर्शित कीं।
दरअसल, बुलंदशहर की स्याना तहसील के नरसैना गांव में एफपीओ के माध्यम से यह पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इसके तहत किसानों और पशुपालकों से 10 रुपये प्रति लीटर की दर से गोमूत्र खरीदा जा रहा है। आसपास के करीब 15 गांवों को इस परियोजना से जोड़े जाने की जानकारी सामने आई है।
सरकार के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों की अतिरिक्त आय बढ़ाने, महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। एकत्र किए गए गोमूत्र से कृषि उपयोग के लिए प्राकृतिक उत्पाद तैयार किए जाने की योजना है।
वहीं, सपा इस योजना को लेकर सरकार पर लगातार निशाना साध रही है। हजरतगंज में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और बाद में उन्हें बसों के जरिए ईको गार्डन भेज दिया।
फिलहाल 10 रुपये प्रति लीटर गोमूत्र खरीद की यह व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर बुलंदशहर में ही चल रही है, पूरे उत्तर प्रदेश में लागू नहीं हुई है।