नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान करते हुए संगठन के डिजिटल और सोशल मीडिया विभाग में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने लंबे समय से राष्ट्रीय IT सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय को इस पद से हटा दिया है। उनकी जगह छत्तीसगढ़ से जुड़े नेता दीपक म्हस्के को IT सेल का नया प्रमुख और राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है।
अमित मालवीय वर्ष 2015 से बीजेपी के IT सेल के राष्ट्रीय संयोजक के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। करीब 11 वर्षों बाद पार्टी के डिजिटल संगठन में यह बड़ा बदलाव हुआ है। हालांकि, कुछ रिपोर्टों के मुताबिक मालवीय पार्टी के नेशनल IT इंचार्ज के तौर पर बने रहेंगे, जबकि सोशल मीडिया की जिम्मेदारी अब दीपक म्हस्के के पास होगी।
कौन हैं दीपक म्हस्के?
दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ से आने वाले बीजेपी नेता हैं। वह पहले पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की भूमिका निभा चुके हैं और संगठनात्मक तथा मीडिया गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। अब उन्हें पार्टी के डिजिटल नेटवर्क और सोशल मीडिया रणनीति की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बीजेपी ने सोशल मीडिया टीम में भी कई नियुक्तियां की हैं। महाराष्ट्र से प्रीति गांधी, दिल्ली से शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड से आलोक भट्ट और हरियाणा से अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी में यह फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब बीजेपी आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए अपने संगठन और डिजिटल प्रचार तंत्र को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। नई टीम के जरिए पार्टी सोशल मीडिया और ऑनलाइन कैंपेन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देती नजर आ रही है।