बेतिया के मच्छरगांवा नगर पंचायत की रहने वाली साक्षी कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर 70वीं बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए ग्रामीण विकास अधिकारी (RDO) पद प्राप्त किया है। साधारण परिवार से आने वाली साक्षी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
साक्षी के पिता चंद्र भूषण प्रसाद जायसवाल किराना दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी माता सीमा देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद साक्षी ने स्वाध्याय और निरंतर मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के आदर्श उच्च विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने राम रूप गोस्वामी इंटर कॉलेज से पढ़ाई की और वर्ष 2020 में कला संकाय से बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में राज्य टॉपर बनकर पहचान बनाई।
स्नातक की पढ़ाई उन्होंने बाबा भूतनाथ डिग्री कॉलेज, बगहा से पूरी की और वर्ष 2024 में प्रथम श्रेणी से ग्रेजुएशन पास किया। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर ली।
साक्षी ने बताया कि उन्होंने 71वीं बीपीएससी संयुक्त परीक्षा भी दी है और साक्षात्कार के लिए चयनित हो चुकी हैं। उनका अगला लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में सफलता प्राप्त करना है।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के विश्वास और सहयोग को दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर और समर्थन मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।